आगरा में लूटपाट के बाद वृद्ध महिला की कर दी गई हत्या, नाती पर जताया शक
आगरा । आगरा के मोती महल में घर से लूटपाट कर वृद्ध महिला की गला रेतकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका के नाती पर हत्या का शक जताया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। इस घटना की सूचना पड़ोसियों ने पुलिस को दी। दरअसल, सुबह के समय पड़ोस की महिलाओं ने उनके घर का गेट खुला देखा तो उन्होंने मृतका को आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इसके बाद उन्होंने अंदर जाकर देखा तो महिला का शव फर्श पर पड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। मोती महल निवासी 40 वर्षीय अर्मिला देवी के पति बच्चू सिंह का करीब 20 वर्ष पहले देहांत हो चुका है। उर्मिला के चार बच्चे हैं। सभी अलग-अलग रहते हैं। उर्मिला अपने घर में अकेली रहती थीं और भैंस भी रखती थी। परिजनों ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने अपनी भैंस बेची थी। उसके 48 हजार रुपये घर में रखे थे। रात में उर्मिला की घर में सोते समय हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद और सीओ छत्ता राजीव कुमार मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि घर में सामान भी बिखरा पड़ा है। गहने और नकदी भी गायब है। आशंका है कि उनकी लूट के लिए हत्या की गई है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि महिला के नाती पर हत्या का शक है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।